अगले चार दिन बदलता रहेगा मौसम, कई जिलों में बारिश- बिजली की चेतावनी

रायपुर। राज्य में मानसून सक्रिय है, लेकिन बारिश का असर पूरे प्रदेश में एक जैसा नहीं दिख रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण बस्तर के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियां कमजोर रहीं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई। इसके चलते तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी रायपुर में बादलों का डेरा रहेगा और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राज्य में अब तक सामान्य से 18 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। बीते दिन गंगालूर में सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि दंतेवाड़ा, करपावंड, पेंड्रा रोड, गीदम, लोहंडीगुड़ा और सकोला में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। रेंगाखार कला, बस्तर, मरवाही, धानोरा, डोंगरगढ़, धबहारपुर और भैरमगढ़ सहित कई क्षेत्रों में 1 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे देश में सक्रिय हो चुका है। वर्तमान में मानसून द्रोणिका उत्तर भारत से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र और उससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके अगले 24 घंटों में कमजोर पड़ने की संभावना है, लेकिन इसका असर प्रदेश में बारिश के रूप में बना रह सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं, बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है