देवकीनंदन ठाकुर के कलश यात्रा में चोरो ने 5 महिलाओं के गले से पार किए सोने की चेन
रायपुर। 8 जुलाई को कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा शुरु होने से पहले महामाया मंदिर से निकली कलश यात्रा में चोरों ने हाथ साफ करते हुए 5 महिलाओं के गले से सोने की चेन चुरा लिए। सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से उनकी तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय नगर निवासी ओमकुमारी वर्मा, अर्चना गुप्ता, सरस्वती अग्रवाल, लक्ष्मी यदु और बासन साहू पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर से इंडोर स्टेडियम तक 8 जुलाई को निकली कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा के कलश यात्रा में शामिल हुई थीं। पीडि़ता ओमकुमारी वर्मा सिटी कोतवाली पुलिस में अज्ञात चोरो के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए बताया कि वह कलश यात्रा में शामिल होने महामाया मंदिर गई थीं। महाराज के स्वागत के दौरान वह मोबाइल से वीडियो बना रही थीं, तभी उन्हें महसूस हुआ कि पीछे खड़ी किसी महिला ने उनके गले के पास हाथ लगाया। कुछ देर बाद जब उन्होंने मोबाइल से सेल्फी ली, तब फोटो में उनके गले में केवल तुलसी और रुद्राक्ष की माला दिखाई दी, जबकि सोने की चेन गायब थी। ओमकुमारी वर्मा ने बताया कि चोरी हुई सोने की चेन का वजन करीब 17.5 ग्राम था, जिसकी कीमत 2 लाख रुपए से ज्यादा है। घटना के बाद वह पहले पुरानी बस्ती थाने पहुंचीं, लेकिन वहां से उन्हें सिटी कोतवाली थाना भेज दिया गया। इसके बाद उन्होंने वहां प्राथमिकी दर्ज कराई और कहा कि इन वारदातों के पीछे महिला गैंग का हाथ है।
