रिसाली नगर निगम में कांग्रेस को बड़ा झटका, भाजपा में शामिल हुए 5 पार्षद, महापौर की कुर्सी संकट में
दुर्ग: रिसाली नगर निगम में कांग्रेस की सत्ता को कमजोर करते हुए भाजपा ने बड़ी सेंधमारी कर 5 कांग्रेस पार्षदों को अपने खेमे में शामिल कर लिया है। इस घटनाक्रम के बाद नगर निगम की राजनीतिक स्थिति पूरी तरह बदल गई है और महापौर शशि सिन्हा अल्पमत में आ गई हैं। अब भाजपा के पास भी कुल 20 पार्षद हो गए हैं, जो कि कांग्रेस के बराबर हैं। ऐसे में महापौर के पद पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं, क्योंकि कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले समय में और भी पार्षद भाजपा में शामिल हो सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो भाजपा स्पष्ट रूप से अपनी महापौर नियुक्त कर सकती है और नगर निगम पर पूरी तरह से अपना नियंत्रण स्थापित कर सकती है।
भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में दो महापौर परिषद के सदस्य और तीन महिला पार्षद शामिल हैं। इनमें परमेश्वर कुमार (MIC) वार्ड-34, चंद्रप्रकाश निगम (MIC) वार्ड-20, सरिता देवांगन वार्ड-14, ईश्वरी साहू वार्ड-15 और सारिका प्रेमचंद साहू वार्ड-3 के पार्षद शामिल हैं। इन सभी पार्षदों ने दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर के निवास पर जाकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक भी मौजूद रहे। भाजपा में प्रवेश करने वाले सभी पार्षदों का गमछा पहनाकर और मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया गया।
इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस में भारी हलचल मच गई है, क्योंकि यह दल-बदल नगर निगम की सत्ता समीकरणों को पूरी तरह से बदल सकता है। भाजपा की ओर से दावा किया जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी कांग्रेस पार्षद भाजपा में शामिल हो सकते हैं, जिससे नगर निगम में भाजपा का पूर्ण बहुमत स्थापित हो सकता है। इस राजनीतिक घटनाक्रम से रिसाली नगर निगम की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जहां भाजपा का वर्चस्व बढ़ सकता है और कांग्रेस के लिए सत्ता बचाए रखना मुश्किल हो सकता है।