जिले में जैविक खाद की मांग के अनुरूप आपूर्ति करने की जरूरत – कलेक्टर

वर्मी कम्पोस्ट एवं सुपर कम्पोस्ट के विक्रय की साढ़े 3 करोड़ की राशि महिला स्वसहायता समूह एवं गौठान समिति को जारी की गई

19 जुलाई को वृहद पौधरोपण अभियान
गोधन न्याय योजना की समीक्षा

राजनांदगांव :- कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में गोधन न्याय योजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में अब तक साढ़े 3 करोड़ रूपए की राशि का वर्मी कम्पोस्ट एवं सुपर कम्पोस्ट का विक्रय किया गया है। जिसमें से ढ़ाई करोड़ की राशि हितग्राहियों को जारी किया गया है। महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं को एक करोड़ रूपए तथा गौठान समिति को ड़ेढ करोड़ रूपए की राशि जारी कर दी गई है। शेष राशि का भुगतान प्रक्रियाधीन है।

कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना के तहत जैविक खाद उत्पादन बढ़ाने तथा वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय में गति लाने के निर्देश सभी जनपद सीईओ को दिए।

उन्होंने कहा कि निजी दुकानों के खाद विक्रेता वर्मी कम्पोस्ट की मांग कर रहे हैं और उन्हें जैविक खाद उपलब्ध कराने के लिए यह सही समय है। जिले में जैविक खाद की मांग बहुत अधिक है इसके अनुरूप वर्मी कम्पोस्ट की आपूर्ति करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की फ्लेगशिप योजना है जिसका प्रभावी क्रियान्वयन करना है। जिले में गौठानों को मजबूत बनाना है और सेल्फ सस्टेनेबल की ओर आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि 19 जुलाई को वृहद पौधरोपण अभियान का आयोजन किया जाएगा। जिसमें ब्लॉक प्लांटेशन किया जाएगा। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत पौधरोपण में गति लाएं।

कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन में खैरागढ़ एवं राजनांदगांव विकासखंड में अच्छा कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी वर्मी कम्पोस्ट रिटेल शॉप नियमित रूप से खुलनी चाहिए, इससे वर्मी कम्पोस्ट के संबंध में जनसामान्य में जागरूकता आएगी।

उन्होंने सभी जनपद सीईओ को चारागाह निर्माण के लिए प्राथमिकता से कहा। मक्का बीज एवं नेपियर घास लगाएं तथा रखरखाव पर ध्यान दें। इसके साथ ही महिला स्वसहायता समूह के लिए बाड़ी निर्माण भी करें।

कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों द्वारा गौठान में किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने समूह की महिलाओं को मत्स्य पालन हेतु प्रोत्साहित करने के लिए कहा। 100 गौठान चिन्हांकित कर समूह की महिलाओं को लाभान्वित करने कहा।

उद्यानिकी विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र को फेसिंग लगवाने के बाद व्यापक रूप से सब्जी उत्पादन करने तथा फलदार वृक्ष लगाने के लिए कहा। पशुपालन विभाग से गौठान में पशुओं केटीकाकरण के साथ ही मुर्गी पालन, बकरी पालन जैसे कृषि से जुड़े आजीविका की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए कहा। साथ ही शेड निर्माण करने तथा स्वसहायता समूह की महिलाओं के लिए बेकयार्ड पोल्ट्रीफार्म का निर्माण करने तथा प्रशिक्षण देने के लिए कहा। हाथकरघा विभाग को समूह की महिलाओं को बुनकर कार्य से जोडऩे के लिए कहा। वहीं रेशम विभाग एवं उद्योग विभाग को भी कार्य करने के लिए कहा। गौठान में विद्युत, पानी एवं अन्य सुविधाएं होनी चाहिए।

जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने कहा कि गौठानों में कार्यो को पूर्ण करने के लिए श्रमिक लगाएं, वर्मी कम्पोस्ट के छनाई का कार्य बढ़ाएं, आधुनिक तकनीक का प्रयोग करें तथा बोरी की व्यवस्था रखें। सभी गौठान के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है।

जनपद सीईओ, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी इस कार्य में संलग्न करें। उन्होंने कहा कि गौठान में काम करने वालों का सहकारी बैंक में एक अलग खाता खुलवा दें। उन्होंने कहा कि गौठान में प्रवेश द्वार अच्छा होना चाहिए। पौधरोपण करें साथ ही पानी, विद्युत, चारागाह, फेसिंग एवं समूह की महिलाओं के लिए शेड की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए।

इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी एन गुरूनाथन, वनमंडलाधिकारी खैरागढ़ संजय यादव, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम मुकेश रावटे,  जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के महाप्रबंधक सुनील वर्मा, उप संचालक पशुपालन डॉ. देवरस,  महाप्रबंधक उद्योग विभाग एसके सिंह, सहायक संचालक कृषि टीकम ठाकुर, सहायक संचालक उद्यानिकी राजेश शर्मा, सहायक संचालक मत्स्य गीतांजली गजभिये, सहायक संचालक हाथकरघा इंद्रराज सिंह उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए सभी एसडीएम, जनपद सीईओ जुड़े रहे।