नदी में युवक का शव मिला, नहीं हो पाई शिनाख्त

दंतेवाड़ा। कोतवाली थाने के डंकनी नदी में एक 30 वर्षीय युवक का शव पानी में देखे जाने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी कोतवाली थाना प्रभारी से लेकर एसडीआरएफ की टीम को दी गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम की मदद से शव को बाहर निकाला गया। फिलहाल, शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोग नदी में नहाने के लिए गए हुए थे। इस दौरान उनको डंकनी नदी के बीचो बीच एक युवक का शव पानी में तैरते हुए दिखाई दिया। शव को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। इस दौरान कुछ लोगों ने मामले की जानकारी कोतवाली थाना प्रभारी और एसडीआरएफ की टीम को दिया।
सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी नदी के पास आ पहुंचे। जवानों ने पानी के बीच जाकर शव को बाहर निकाला। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस ने युवक के फोटो को आस-पास के सभी थाना क्षेत्र में भेज दिया है। जिससे कि किसी भी क्षेत्र से अगर कोई युवक गुम हुआ है तो वो कोतवाली पुलिस से संपर्क कर सकता है। शव को पीएम के लिए हॉस्पिटल के शव घर में रख दिया गया है। परिजनों की तलाश कर रही है। मृतक की जेब से भी कुछ ऐसा नहीं मिला है, जिससे कि उसकी पहचान हो सके।