युंका ने कमिशनरेट प्रणाली पर उठाए सवाल, सौंपा ज्ञापन, फार्महाउसों में अवैध नशा पार्टियां
रायपुर। युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला ने रायपुर कमिशनरेट प्रणाली पर सवाल उठाते हुए तेलीबांधा थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन।
रायपुर के वीआईपी रोड स्थित फार्महाउसों में चल रहे अवैध नशे की पार्टियों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि बीते कुछ दिनों से इन फार्महाउसों में रईसजादों द्वारा खुलेआम हुक्का एवं शराब का सेवन करते हुए पार्टियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिनके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। भावेश शुक्ला ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस प्रकार की गतिविधियाँ प्रशासन की जानकारी के बावजूद खुलेआम संचालित हो रही हैं। इससे कानून केवल आम लोगों के लिए है, जबकि प्रभावशाली लोगों को संरक्षण प्राप्त है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रायपुर में कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद भी तालिबंदा क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधियों पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो रही है, जबकि दूसरी ओर गरीब या सामान्य वर्ग के लोग यदि छोटी-सी गतिविधि भी करते हैं तो उन पर तत्काल कार्यवाही की जाती है। यह दोहरी नीति बेहद चिंताजनक है। एनजीओ की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है।
प्रदेश युवक कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उसमें शामिल लोगों की पहचान सार्वजनिक की जाय तथा संबंधित आयोजकों एवं फार्महाउस मालिकों पर सख्त कार्यवाही की जाए। वीआईपी रोड क्षेत्र में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने और यदि किसी प्रकार का संरक्षण दिया जा रहा है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 2 दिनों में कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जाती है, तो प्रदेश युवक कांग्रेस संबंधित सभी व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक करेगी और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला , प्रवक्ता शुभम , लक्षित , मृगेंद्र जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर ख़ान अतीक मेमन, मो हसान, आशीष बाजपेयी, खुशराज ढिल्लन, जिशान मो, अनिकेत महतो, साहिल , कृष्णा, चंदन आदि मौजूद थे।
