जमीन विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई को जलाकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार
जिले के ग्राम आमगांव में जमीन विवाद के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक कृष्णकांत दुबे (38) अपनी कथित पत्नी मालती साहू के साथ पैतृक गांव आए थे, जहां उनकी मां तीरथबाई और छोटा भाई दौलत दुबे रहते हैं। लंबे समय से दोनों भाइयों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को हुए झगड़े के दौरान दौलत ने कृष्णकांत को धान और महुआ से भरे कमरे में धकेलकर बाहर से बंद कर दिया और आग लगा दी। मौके पर मौजूद मां और मालती साहू की बचाने की कोशिशें नाकाम रहीं। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लगभग 70 प्रतिशत जले हुए शव को बाहर निकाला। बागबाहरा पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज करते हुए आरोपी दौलत दुबे को हिरासत में लिया और मामले की पूरी जांच शुरू कर दी है।
