कुसमुंडा खदान में भारी वाहन की चपेट में आने से युवा चालक की मौत

कोरबा। कुसमुंडा खदान में देर रात भारी वाहन की चपेट में आने से एक चालक की मौत हो गई। इस घटना के बाद खदान में काम करने वाले कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। वे मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा देर रात कुसमुंडा खदान के रोड सेल क्षेत्र में हुआ। 29 वर्षीय चालक प्रेमसिंह ल. ध्रुव एक भारी वाहन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल होकर तड़पने लगे। खदान में मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक प्रेमसिंह मूल रूप से बिंझरा, मध्य प्रदेश का निवासी था और कुसमुंडा खदान में चालक के रूप में कार्यरत था।
इस घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन मध्य प्रदेश से कोरबा पहुंच गए। मृतक के बड़े भाई बलिराम ने बताया कि उन्हें पुलिस ने फोन पर दुर्घटना की सूचना दी थी। कोरबा पहुंचने पर उन्हें भाई की मौत का पता चला। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि मौत कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज के शव कक्ष में रखा गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि कुसमुंडा खदान के रोड सेल में लोडिंग के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और घटना के कारणों व लापरवाही के बिंदुओं को खंगाल रही है।
इस हादसे के बाद कुसमुंडा खदान के कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी गई। कर्मचारियों का आरोप है कि खदानों में सुरक्षा मानकों का ठीक से पालन नहीं किया जा रहा है। इसके कारण बार-बार ऐसे हादसे हो रहे हैं। उन्होंने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खदान प्रबंधन और पुलिस दोनों ही घटना की विस्तृत जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।