विक्रम मंडावी ने CM को लिखा पत्र, निर्दोष आदिवासियों को जेल से मुक्त करने की अपील

बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नक्सली मामलों में वर्षों से जेलों में बंद निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों की रिहाई की मांग की है। विधायक ने पत्र में कहा कि बस्तर संभाग आदिवासी बाहुल्य और लंबे समय तक नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है, जिसके कारण कई गरीब और निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों को नक्सली मामलों में जेल भेजा गया और वे वर्षों से बंद हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक परेशानी और कम शिक्षा के कारण कई ग्रामीण न्यायालय तक अपनी बात नहीं पहुंचा पाते, जिससे उन्हें लंबे समय तक जेल में रहना पड़ता है। विधायक ने कहा कि वर्तमान में बस्तर क्षेत्र नक्सल प्रभाव से काफी हद तक मुक्त हो चुका है और आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को पुनर्वास नीति का लाभ दिया जा रहा है, ऐसे में निर्दोष आदिवासियों को भी राहत देते हुए उन्हें जेल से रिहा किया जाना चाहिए।