जमीन विवाद में दो लोगों की गई जान, बड़े भाई ने छोटे को पीटकर मार डाला

बेमेतरा/सूरजपुर। जमीन विवाद के चलते हत्या की दो घटना हुई है। बेमेतरा के मुरकुटा गांव में जहां एक ग्रामीण की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई,। इसी तरह सूरजपुर के करकोटी गांव में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पहला मामला बेमेतरा जिले के मुरकुटा गांव की है। यहां रहने वाले विद्यासागर नवरंग का अपने ही गांव के गैदलाल नवरंग के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आज सुबह जब विद्यासागर अपने घर से निकला, तभी आरोपी गैदलाल नवरंग ने उसपर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमला इतना घातक था कि विद्यासागर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
दूसरा मामला सूरजपुर जिले के झिलमिली थाने के करकोटी गांव की है। करकोटी गांव में दो भाइयों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में आकर बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट के कारण छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही झिलमिली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
—————