तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो पत्रकार घायल
राजनांदगांव के सनसिटी क्षेत्र में बीती रात तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में दो पत्रकार घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम की कवरेज के बाद पत्रकार योगेश साहू और सौरभ बाइक से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार सफेद रंग की ब्रेजा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पत्रकार सौरभ के पैर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पत्रकारों का आरोप है कि हादसे के बाद जब उन्होंने कार चालक को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड करने की कोशिश की, तो चालक ने कथित तौर पर कई बार उन्हें कुचलने का प्रयास किया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार से आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में पत्रकारों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
