ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे सवा करोड़ के गांजे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने मिली सूचना पर कार्यवाई करते हुए एक पिकअप से 1.14 करोड़ से ज्यादा का गांजा जब्त किया है। गांजे को सब्जी के खाली कैरेट के पीछे छिपा कर रखा गया था। ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। टीम ने दो तस्करों को भी पकड़ा है। यह मामला सिंघोड़ा थाने क्षेत्र की है।
टीम को सूचना मिली कि तस्कर पिकअप क्रमांक एमएच 16 सीडी 8741 में ओडिशा की ओर से गांजा लेकर आ रहे हैं। इसके बाद टीम ने गनियारीपाली गांव एनएच 53 रोड सिल्की ढाबा के सामने नाकेबंदी की। टीम ने मुखबिर के बताए गाड़ी को रोक कर तलाशी लिया।तलाशी लेने पर खाली कैरेट के बीच बोरियों में 226.600 किलोग्राम गांजा मिला। जिसकी कीमत 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई।
वाहन सवार दो तस्कर को भी पकड़ा। उन्होंने अपना नाम अजिनाथ आश्रु जाधव 28 और अक्षय बारुक 32 बताया। दोनों महाराष्ट्र के अहमदनगर के रहने वाले हैं। आरोपियों ने बताया कि वो गांजा को ओडिशा के बालिगुड़ा से अहमदनगर लेकर जा रहे थे। उनके पास से गांजा, पिकअप वाहन और 3 मोबाइल जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाने में धारा (20 बी) (दो) (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।