12 जुलाई 2009 के शहीदों को पुलिस लाइन में दी श्रद्धांजलि

12 जुलाई 2009 को अविभाजित राजनांदगांव जिले के मानपुर क्षेत्र में नक्सलियों से मुठभेड़ में शहीद हुए तत्कालीन एसपी विनोद कुमार चौबे समेत 29 पुलिस जवानों की शहादत की बरसी पर पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने शहीदों के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। मानपुर क्षेत्र के कोरकोट्टी, सीतागांव और मदनवाड़ा में हुए नक्सली हमले में इन जवानों ने देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। शहीद एसपी विनोद चौबे की पत्नी रंजना चौबे ने कहा कि यह दिन भावुक होने के साथ गर्व का भी दिन है और आने वाली पीढ़ियों को शहीदों की कुर्बानी हमेशा याद रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खत्म होने से राज्य में शांति और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। सांसद संतोष पांडे ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वर्ष 2009 के बाद क्षेत्र में काफी बदलाव आया है। श्रद्धांजलि सभा में कई जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, शहीद परिवार और पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।