कार बाइक भिड़ंत में तीन युवकों की मौत
बालोद। डौंडीलोहारा थाने के खैरडीह गांव के पास कार और बाइक भिड़ंत में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान तरुण कुमार यादव पिता मिनेन्द्र यादव 20, राहुल सेवता पिता सावंत सेवता 20 दोनों सीर्राभाठा निवासी और नरेंद्र भुआर्य पिता पुरषोत्तम भुआर्य 21 ग्राम मुड़खुसरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार दल्लीराजहरा से राजनांदगांव की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार देवरी की ओर से डौंडीलोहारा जा रहे थे। इसी दौरान खैरडीह गांव के पास दोनों वाहनों की आमने सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी में रखवाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
