दुर्ग शहर में स्कूली बच्चों के लिए जिले में पहला न्योता भोजन जन समर्पण सेवा सँस्था ने कराया
दुर्ग- जिले के दुर्ग शहर में स्थित छत्तीसगढ़ की सबसे प्राचीन सरदार वल्लभ भाई पटेल प्राथमिक शाला एवं उसके साथ उस परिसर में चलने वाली लाल बहादुर प्राथमिक शाला, सरदार पटेल आत्मानन्द अंग्रेजी स्कूल में सेवा कार्य में शहर की ज़न समर्पण सेवा सँस्था, दुर्ग द्वारा बुधवार को न्यौता भोज का आयोजन किया गया.
पोषण निर्माण योजना अंतर्गत छत्तीसगढ़ में कई वर्षों से स्कूल बच्चों के लिए न्योता भोजन कराना लागू किया गया हैं. इसमें कोई भी इच्छुक दानदाता अपनी ओर से बच्चों को मध्यान्ह भोजन के समय इस तरह से पूरक आहार के रूप में पौष्टिक भोजन प्रदान कर सकते हैं. इसके तहत दुर्ग की सबसे प्राचीन सरदार वल्लभ भाई पटेल प्राथमिक शाला एवं उसके साथ उस परिसर में चलने वाली लाल बहादुर प्राथमिक शाला, सरदार पटेल आत्मानन्द अंग्रेजी स्कूल में जन समर्पण सेवा सँस्था, दुर्ग द्वारा बच्चों को गर्म और स्वादिष्ट भोजन कराया गया. इस दौरान स्कूल के टीचर्स, सँस्था के सदस्य, सँस्था के दान-दाता, सहयोगी, वार्ड पार्षद और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों ने भी भोजन का आनंद लिया.
जन समर्पण सेवा सँस्था द्वारा आयोजित इस न्योता भोजन का उद्देश्य समुदाय के बीच अपनेपन की भावना का विकास, भोजन के पोषक मूल्य में वृद्धि तथा सभी समुदाय वर्ग के बच्चों में समानता की भावना विकसित करना है, यह पूरी तरह से स्वैच्छिक है. समुदाय के लोग या फिर कोई भी सामाजिक संगठन, स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पूर्ण भोजन का योगदान कर सकते हैं. अतिरिक्त पूरक पोषण के रूप में खाद्य सामग्री का योगदान कर सकते हैं. वहीं, न्यौता भोज स्कूल में दिए जाने वाले भोजन का विकल्प नहीं है बल्कि यह विद्यार्थियों को दिए जा रहे भोजन का पूरक है.
