CHHATTISGARH

पहली बारिश में ही खुली निगम की पोल, कई क्षेत्र में जलभराव

रायपुर। पहली बारिश में ही शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड नंबर 34 नूरानी चौक, राजातालाब, अरमान नाला में लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि उन्होंने दो माह पहले ही जोन क्रमांक 4 की समीक्षा बैठक में जलभराव की आशंका जताई थी और नाले की मैनुअल सफाई कराने का सुझाव दिया था, लेकिन जोन कमिश्नर दिव्या चंद्रवंशी और अन्य अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज कर दिया।
आकाश तिवारी ने बताया कि विगत चार वर्षों से गोविंद नगर-रविनगर से ऑक्सीजॉन होते हुए नूरानी चौक जाने वाले नाले की नियमित मैनुअल सफाई होती रही, जिसके कारण वार्ड में जलभराव नहीं होता था। इस वर्ष सफाई नहीं कराई गई, जिसके चलते बरसात शुरू होने से पहले ही इलाका जलमग्न हो गया है। उन्होंने कहा, “बरसात के पूर्व तैयारी कागजों में ही सिमट कर रह गई है। न मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन हुआ, न महापौर के।
नेता प्रतिपक्ष ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा को भी लिखित रूप से वार्ड की स्थिति से अवगत कराया था, लेकिन उसके बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते नाले की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाली पूर्ण बरसात में स्थिति और भयावह हो सकती है।