32वीं नेशनल मास्टर्स टेबल टेनिस में राज्य की पुरुष युगल ने 65+ वर्ग में जीता कांस्य

रायपुर। भारतीय टेबल टेनिस महासंघ के तत्वावधान में महाराष्ट्र स्टेट टेबल टेनिस संघ द्वारा पुणे में 24 अप्रैल से 4 मई तक आयोजित “32वीं नेशनल मास्टर्स टेबल टेनिस प्रतियोगिता” में छत्तीसगढ़ राज्य की ओर से पहली बार 65 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के पुरुष युगल में पी.एन. मजूमदार एवं के. रविशंकर की जोड़ी ने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। यह जानकारी छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ के उपाध्यक्ष विनय बैसवाड़े ने दी।
उन्होंने बताया कि स्पर्धा के सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ की पुरुष युगल जोड़ी पी.एन. मजूमदार एवं के.रविशंकर को महाराष्ट्र की जोड़ी प्रकाश केलकर एवं अनिल रसम ने 3-1 से हराया, जिसके साथ ही पी.एन. मजूमदार एवं के. रविशंकर ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में छत्तीसगढ़ की जोड़ी ने आंध्र प्रदेश के व्ही. व्ही. रमना एवं एन. एम. देवरापल्ली की जोड़ी को 3-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
पी.एन. मजूमदार रायपुर के सप्रे शाला टेबल टेनिस हाल में नन्हें खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देते हैं, वहीं के रविशंकर भी बिलासपुर में निरंतर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देते हैं |
इस उपलब्धि पर राज्य टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष किशोर जादवानी, सुरेश चन्नावार, उपाध्यक्ष विनय बैसवाड़े, प्रदीप जोशी, सचिव सार्थक शुक्ला, कोषाध्यक्ष सौरभ शुक्ला, छत्तीसगढ़ वेटरन टेबल टेनिस समिति के चेयरमैन प्रदीप जनवदे, सचिव प्रेमराज जाचक एवं समस्त पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।