CITYNATIONAL

वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहनलाल गुप्ता का दिल का दौरा पड़ने से निधन, राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर

भिलाई:  कान्यकुब्ज वैश्य हलवाई समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहनलाल गुप्ता का आज सुबह 6:50 बजे हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे 87 वर्ष के थे। मोहनलाल गुप्ता भिलाई नागरिक सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष और दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव रह चुके थे। कांग्रेस संगठन में उनकी गहरी पकड़ थी और वे मोतीलाल वोरा, चंदूलाल चंद्राकर और वासुदेव चंद्राकर जैसे दिग्गज नेताओं के करीबी माने जाते थे। वे पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता थे और कांग्रेस में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। उनके निधन से पार्टी में शोक की लहर है।

हर दिन की तरह आज सुबह भी वे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। वॉक के बाद वे एक चाय दुकान पर रुके और चाय ले रहे थे, तभी अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वे मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर सुनते ही परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।

मोहनलाल गुप्ता अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें चार पुत्रियां और दो पुत्र शामिल हैं। उनका अंतिम संस्कार 26 फरवरी को दोपहर 2:00 बजे रामनगर मुक्ति धाम में किया जाएगा। उनके निधन पर कांग्रेस पार्टी के कई बड़े नेताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उनके योगदान को याद करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से न केवल कांग्रेस पार्टी को बल्कि समाज को भी अपूरणीय क्षति हुई है।