अवैध उत्खनन से सड़कें टूटीं, ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की

अभनपुर क्षेत्र में सेल्के कंपनी पर नियमों को ताक पर रखकर अवैध मुरूम उत्खनन करने के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी दो चेन माउंटेन मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर मुरूम की खुदाई कर रही है और ओवरलोड 16 चक्का वाहनों से रहवासी इलाके से इसका परिवहन किया जा रहा है। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण ग्राम खोला को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पूरे मामले को लेकर गांव में कंपनी के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक ठेलकाबांधा सहित कई गांवों में सरकारी जमीन को गहरी खाई में बदल दिया गया है। अवैध उत्खनन के चलते 25 से 30 फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है। आरोप है कि कंपनी ने तय रायल्टी से कई गुना ज्यादा मुरूम निकाली है और बड़े पैमाने पर अवैध परिवहन किया जा रहा है। इस मुद्दे पर छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जे के रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष माखन ताम्रकार ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर एसडीएम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं एसडीएम रवि सिंह ने कहा है कि मामले की जांच कर कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा और रायल्टी से अधिक उत्खनन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।