CHHATTISGARHPOLITICAL

महतारी वंदन योजना के लाभ से वंचित है, बैगा-पंडो जनजाति की महिलाएं

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर | आज हम एक ऐसी योजना पर बात करेंगे जिसका वादा विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा सरकार ने महिलाओं से किया था। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद महतारी वंदन योजना की शुरुआत की गई, जिसमें विवाहित महिलाओं को हर महीने ₹1000 देने का वादा किया गया था। योजना का ऑनलाइन फॉर्म भी भरवाया गया, लेकिन सही जानकारी के अभाव और प्रशासन की अनदेखी के कारण आज भी कई ग्रामीण महिलाएं इस योजना से वंचित हैं।

एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत बाही से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बैगा और पंडो जनजाति के लोग रहते हैं। ये वही समुदाय है, जिन्हें राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र का दर्जा प्राप्त है। लेकिन सरकार की योजनाओं का लाभ यहां के लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। महतारी वंदन योजना का लाभ यहां की 40 से अधिक महिलाएं नहीं पा सकी हैं।

ग्रामीण महिलाओं की शिकायत
आज इन महिलाओं ने कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर आवेदन दिया। इनका कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उनका फॉर्म तो भरवाया था, लेकिन आज तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला है। फूलकुंवर नाम की एक महिला ने बताया कि उसने फॉर्म तो भरवाया था, लेकिन उसे एक भी बार पैसा नहीं मिला। दूसरी ओर जयंती नाम की महिला ने भी अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि वह भी इस योजना का लाभ लेने के इंतजार में है, लेकिन अब तक उसे कुछ नहीं मिला।

सरपंच की प्रतिक्रिया
गांव के सरपंच राजाराम ने भी ग्रामीण महिलाओं के साथ कलेक्टर से मुलाकात की। उनका कहना है कि पंचायत में कई महिलाएं इस योजना से वंचित हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इन महिलाओं को कब तक योजना का लाभ दिला पाएगा, जिसे देने का वादा सरकार ने किया था।