CCTV में कैद दर्दनाक हादसा, बिलासपुर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से छात्र की मौत

बिलासपुर के वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी अस्पताल के सामने रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र रुद्र प्रताप शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार ने रॉन्ग साइड से आकर एक्टिवा सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर एक स्कूल बस से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि छात्र कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सिम्स अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी दुर्घटना कैद हुई है। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कार एक नाबालिग चला रहा था। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।