राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ का भव्य आयोजन, 27 को प्रधानमंत्री करेंगे 8 लाख युवाओं से संवाद

रायपुर। महान हॉकी खिलाड़ी और देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इस वर्ष ‘खेलो इंडिया संवाद’ का राष्ट्रव्यापी आयोजन किया जा रहा है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘माई भारत’ (MY Bharat) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देने हेतु सोमवार को रायपुर स्थित माई भारत कार्यालय (चौबे कॉलोनी, दशहरा मैदान के सामने) में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस वर्ष यह मुख्य कार्यक्रम 29 अगस्त के स्थान पर 27 अगस्त को पूरे देश में भव्य तरीके से आयोजित किया जा रहा है। इस महा-अभियान की मुख्य थीम ‘युवा भागीदारी, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण’ रखी गई है, जिसका मूल विचार देश के युवा, देश के खिलाड़ियों और देश के भविष्य को एक साझा राष्ट्रीय मंच पर जोड़ना है।
इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष संबोधन होगा। 27 अगस्त को प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से देशभर के 1600 अलग-अलग स्थानों पर मौजूद 8 लाख से अधिक युवाओं को एक साथ संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम देश के प्रत्येक जिले के दो-दो महावि‌द्यालयों (Colleges) में आयोजित किया जाएगा, ताकि देश के अलग-अलग हिस्सों में बैठे युवाओं को एक ‘कॉमन नेशनल प्लेटफॉर्म’ से जोड़ा जा सके। प्रधानमंत्री जी के संबोधन के पश्चात कार्यक्रम का पूरा फोकस स्थानीय युवाओं के संवाद पर केंद्रित रहेगा। इस दौरान ‘युवा कनेक्ट’ के माध्यम से युवाओं को स्थानीय खेल हस्तियों (Sportspersons), सांसदों (MPs), विधायकों (MLAs), मंत्रियों और स्थानीय जन-प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद करने का ऐतिहासिक अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से पिछले 12 वर्षों में देश के स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर और इकोसिस्टम में आए सकारात्मक बदलावों को युवाओं तक पहुंचाया जाएगा।
स्थानीय जन-प्रतिनिधियों के संबोधन के उपरांत लगभग 15 मिनट का एक विशेष ‘युवा संवाद’ आयोजित होगा, जिसमें युवाओं को अपने विचार और आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा। इस संवाद में मुख्य रूप से चार विषयों-ग्रासरूट स्तर तक बेहतर खेल सुविधाएं पहुंचाना, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं की वैज्ञानिक पहचान (Scientific talent identification), यूथ लीडरशिप में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना और विकसित भारत के लिए युवाओं को भविष्योन्मुखी कौशल (Future-ready skills) व स्वयंसेवा से जोड़ने पर चर्चा की जाएगी। नीति-निर्माण में युवाओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु कार्यक्रम स्थल पर क्यूआर (QR) कोड की व्यवस्था रहेगी, जिसके जरिए युवा ‘माई भारत’ पोर्टल के आइडिया बॉक्स में अपने सुझाव डिजिटल रूप से दे सकेंगे। इसके साथ ही, युवाओं को इसी स्थान पर ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ (VBYLD) क्विज़ में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।