राहुल गांधी की पाठशाला के बाद मैदान में उतरे कांग्रेस जिला अध्यक्ष, गांवों में रात्रि प्रवास कर ले रहे फीडबैक

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के बाद नए जिला अध्यक्षों को अब जमीनी स्तर पर सक्रिय किया गया है। अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों में 20 जिला अध्यक्षों की टीमें बनाकर रात्रि प्रवास कराया जा रहा है, जहां वे ग्रामीणों के बीच रहकर स्थानीय समस्याओं, सामाजिक परिस्थितियों और जनजीवन को करीब से समझ रहे हैं। जिला अध्यक्ष गांवों के घरों में ठहरने के साथ ही चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों से संवाद कर जमीनी फीडबैक जुटा रहे हैं। नवागांव, कोलियरी, घोंट-सोंठ और थानौद सहित कई गांवों में यह अभियान चल रहा है। कांग्रेस का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है। गौरतलब है कि रायपुर के अभनपुर में चल रहे प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने नए जिला अध्यक्षों को संगठन और राजनीतिक रणनीति से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया है।