बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर, सडक और रेल यातायात बाधित

बिहार में बाढ़ प्रभावित इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। पटना, कटिहार, खगड़िया और समस्तीपुर सहित 26 जिलों के 40 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

गंगा, सोन, पुनपुन और कोसी सहित कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में सडक और रेल यातायात बाधित हो गया है।

भागलपुर-मुंगेर रेलखंड और किऊल-भागलपुर रेलखंड पर रेल पटरियों पर पानी भर जाने के कारण लगातार दूसरे दिन रेल सेवाएं निलंबित हैं। लम्‍बी दूरी की रेलगाडियों को अन्‍य मार्गों से चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है।

बाढ़ से 80 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है। राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्‍य आपदा मोचन बल की 21 टीमें प्रभावित इलाकों में राहत तथा बचाव कार्य में लगी हैं।

फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए दो हजार से अधिक देशी नौकाओं को लगाया गया है। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 31 राहत शिविर और 254 सामुदायिक रसोई बनाई गई हैं।