बिना बिजली के हमर क्लिनिक भवन में लगी आग

खैरागढ़। अमलीपारा वार्ड में लाखों की लागत से बनी ‘हमर क्लिनिक’ भवन में सोमवार देर रात आग लग गई। हैरानी की बात है कि भवन में बिजली का कनेक्शन ही नहीं है। ऐसे में आग लगने से यह मामला संदेहास्पद हो गया है।
जानकारी के अनुसार, यह क्लिनिक पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में तैयार किया गया था, जिसका उद्देश्य स्थानीय लोगों को निःशुल्क इलाज, दवाइयां और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था। उद्घाटन के बाद भी यहां सेवाएं शुरू नहीं हो पाई। यह भवन स्वास्थ्य केंद्र के बजाय स्टोर रूम के रूप में उपयोग किया जाने लगा, जहां राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) से जुड़े दस्तावेज रखे गए थे, जो जलकर खाक हो गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि भवन में बिजली कनेक्शन चालू नहीं था, इसलिए शॉर्ट सर्किट की आशंका नहीं ।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग में जले दस्तावेजों में विभागीय कामकाज से जुड़े कागजात शामिल थे।