तांदुला नहर में नहाने के दौरान पिता पुत्री बहे
बालोद। तांदुला नहर में नहाने के दौरान पिता और बेटी तेज बहाव में बह गए। गोताखोरों ने पिता का शव बरामद कर लिया है। बच्ची की तलाश जारी है। यह घटना पीपरछेड़ी गांव की है। पिता अपनी 12 साल की बेटी को तैरना सीखा रहा था, इसी दौरान यह हादसा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धोबनपुरी निवासी यमन गंजीर 35 अपनी बेटी पल्लवी गंजीर 12 के साथ नहर में उतरा था। इस दौरान पानी के तेज बहाव में दोनों बह गए। घटना के दौरान एक अन्य बच्ची दामिनी भी बहने लगी थी, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने बचा लिया।
इस घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तांदुला बांध और गंगरेल बांध से पानी का बहाव अस्थायी रूप से रोका गया, ताकि खोजबीन में मदद मिल सके। गोताखोरों की टीम भी लगातार तलाश में जुटी है।
मृतक गांव का दामाद था: भारी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने यमन गंजीर का शव बरामद कर लिया है, जबकि बेटी पल्लवी की तलाश अभी भी जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक यमन गंजीर पीपरछेड़ी गांव का दामाद था और अपनी ससुराल आया हुआ था। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
