तालाब में नहाते समय हाथी शावक की मौत, हाथियों का दल देर रात तक चिंघाड़ता रहा

छत्तीसगढ़ के Raigarh जिले के छाल रेंज में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तालाब में नहाने के दौरान एक बड़े हाथी के नीचे दबने से हाथी के शावक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से छाल रेंज में लगभग 70 हाथियों का दल अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहा है। बीती रात करीब 8 बजे पुसल्दा गांव के जंगल स्थित आमामुड़ा तालाब में हाथियों का एक झुंड नहा रहा था, इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद मादा हाथी ने मृत शावक के शव को तालाब से बाहर निकाला और पूरा दल रातभर उसके आसपास चिंघाड़ता रहा। सुबह भी हाथियों का समूह शव के पास ही मौजूद रहा, जिसके कारण वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचने के बावजूद शावक तक नहीं पहुंच सकी। सूचना मिलने पर वन विभाग और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और हाथियों के जंगल की ओर लौटने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि पिछले 5 महीनों में जिले के अलग-अलग रेंजों में 8 हाथी शावकों की मौत हो चुकी है, जो वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।