नाले में बिजली विभाग की पिकअप बही, 3 कर्मियों ने तैरकर बचाई जान, एक लापता

बलौदाबाजार-भाटापारा। लगातार बारिश के कारण अचानकपुर क्षेत्र में बिजली सुधार कार्य के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी पिकअप पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जब उफनते नाले को पार करने की कोशिश की तो वह तेज बहाव की चपेट में आ गए।
जानकारी के मुताबिक, घटना रात 2 बजे की है। तीन कर्मचारियों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन एक कर्मी लापता हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। .
खोरसी नाला के पुल को पार करते समय तेज बहाव के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पिकअप पुल से 800 मीटर दूर तक बह गया। वाहन में मौजूद तीन कर्मचारी ने तैरकर अपनी जान बचा ली। एक कर्मचारी के वाहन में फंसे होने या बह जाने की आशंका जताई जा रही है। उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इसकी सूचना मिलते ही नगर सेना, पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। लापता कर्मचारी और वाहन की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल पर रेस्क्यू टीम के साथ रस्सी खींचने में मदद की।