कोर्ट के आदेश के बावजूद चार दशक से मां दंतेश्वरी मंदिर का नहीं हुआ चढ़ावे का हिसाब सार्वजनिक

जगदलपुर। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में पिछले चार दशक से भी अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक मंदिर की कुल संपत्ति, प्राप्त चढ़ावे, सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य दान का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं किया गया है। इसे लेकर अब चर्चा तेज हो गई है कि क्या अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तरह यहां भी चढ़ावे में गड़बड़ी की आशंका है? जबकि वर्ष 2020 में अदालत ने मंदिर की संपत्ति का ब्यौरा जल्द से जल्द सार्वजनिक करने का आदेश भी दिया था।, विदित हो कि टेम्ल कमेटी के नाम पर जिला प्रशासन के द्वारा तैनात तहसीलदार जगदलपुर के पास मंदिर के चढ़ावे का पूरा हिसाब होने के बावजूद चढ़ावे-दान का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं किया जाना प्रशासन के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है।
बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी का मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, लेकिन मंदिर की संपत्ति को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनका स्पष्ट जवाब प्रशासन के पास भी नहीं दिख रहा। वर्ष 1981 के बाद से मंदिर की संपत्ति का सत्यापन नहीं हुआ। वर्ष 2020 में न्यायालय ने 90 दिनों के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने का आदेश दिया था, लेकिन वर्षों बाद भी न तो जांच पूरी होने की जानकारी सामने आई और न ही संपत्ति का आधिकारिक ब्योरा सार्वजनिक किया गया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर देरी की वजह क्या है?
मां दंतेश्वरी मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि बस्तर की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। दशकों से यहां श्रद्धालु सोने-चांदी के आभूषण, मुकुट, हार, सिक्के और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं देवी को अर्पित करते आ रहे हैं। स्वाभाविक है कि इतनी बड़ी संपत्ति का नियमित सत्यापन और सुरक्षित रिकॉर्ड होना चाहिए। चार दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मंदिर के खजाने का अद्यतन और सार्वजनिक हिसाब सामने नहीं आया है।
टेम्पल कमेटी के सदस्य राजू नारंग के अनुसार मां दंतेश्वरी मंदिर में प्रति वर्ष चढ़ावे में अनुमानित दान पेटी से 15 से 20 लाख रूपये नगद एवं ज्योति-कलश से 35 से 40 लाख रूपये के आने की बात कही गई है।
मां दंतेश्वरी मंदिर के मुख्य पुजारी कृष्ण कुमार पाढ़ी का कहना है कि चार दशक से हिसाब सार्वजनिक नही किये जाने से अब मंदिर से जुड़े कई लोग और श्रद्धालु सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि जब वर्षों तक संपत्ति का सत्यापन नहीं होगा और अदालत के निर्देश के बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं होगी, तो आशंकाएं जन्म लेना स्वाभाविक है। हालांकि अब तक किसी सक्षम जांच एजेंसी या प्रशासन ने यह पुष्टि नहीं की है कि मंदिर के जेवरात या संपत्ति की चोरी हुई है, लेकिन पारदर्शिता की कमी ने संदेह जरूर पैदा किया है।
राजगुरु नवीन ठाकुर ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि मंदिर की पूरी संपत्ति सुरक्षित है, तो उसका अद्यतन रिकॉर्ड सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा? सत्यापन पूरा हुआ या नहीं? यदि हुआ तो रिपोर्ट कहां है? यदि नहीं हुआ तो छह वर्ष पहले दिए गए अदालत के आदेश का पालन अब तक क्यों नहीं हुआ? सवाल और बड़ा तब हो जाता है, जब मंदिर की संपत्ति किसी व्यक्ति या विभाग की नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था की धरोहर मानी जाती है। यह मामला केवल सोने-चांदी या बहुमूल्य आभूषणों का नहीं, बल्कि आस्था, जवाबदेही और पारदर्शिता का है। जब अदालत का आदेश भी वर्षों तक फाइलों में दबा रह जाए तो सवाल उठना स्वाभाविक है।
तहसीलदार जगदलपुर राहुल कुमार गुप्ता को कई बार फोन से संर्पक करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होने फोन उठाना तक उचित नही समझा, उनके फोन पर काल जाने के बाद वाईस काल रिकार्ड के के मोड पर जाने से मेरे द्वारा वाईस काल रिकार्ड में अपना सवाल रिकार्ड कर भेजा जिसमें मेरे द्वारा यह पूछा गया कि मां दंतेश्वरी मंदिर में पिछले चार दशक से मंदिर की कुल संपत्ति, प्राप्त चढ़ावे, सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य दान का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं किया गया है। आप कब तक आधिकारिक आय-व्यय का रिकॉर्ड सार्वजनिक करेंगे, जिस पर कोई प्रतिउत्तर प्राप्त नही हुआ।तहसीलदार जगदलपुर राहुल कुमार गुप्ता संभवत: कोई जवाब देना नही चाहते।
विदित हो कि पूर्व में गठित मां दंतेश्वरी मंदिर के ज्योति-कलश समिति के द्वारा ज्योति-कलश से मिलने वाले राशि का प्रतिवर्ष आय-व्यय का ब्योरा सार्वजनिक किया जाता रहा, जिसे भी टेम्पल कमेटी की आड़ में अपने अधीन कर लिया गया, जिसके बाद से इसका भी आय-व्यय का ब्योरा सार्वजनिक होना बंद हो गया।मां दंतेश्वरी मंदिर से प्रति वर्ष चढ़ावे में अनुमानित दान पेटी से 15 से 20 लाख रूपये नगद एवं ज्योति-कलश से 35 से 40 लाख रूपये के आने की बात कही जा रही है। जिसका भी आधिकारिक आय-व्यय का रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं किया जाता है।अयोध्या के श्रीराम मंदिर के चढ़ावे घोटाले के बाद प्रशासनिक स्तर पर मां दंतेश्वरी मंदिर का अदालत के आदेश के बावजूद आधिकारिक आय-व्यय का रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं किया जाना इसमें हुई गड़बड़ी को छिपाने की आशंका को जन्म देता है। कलेक्टर बस्तर को इसका संज्ञान लेना चाहिए।