दतिया चुनाव, प्रचार के आखिरी दिन दोनों दलों ने झोंकी ताकत सीएम- शिवराज, कांग्रेस के जीतू-उमंग ने दी घर-घर दस्तक
मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए चला आ रहा तूफानी चुनाव प्रचार 28 जुलाई शाम 5 बजे थम जाएगा। शाम 5 बजे के बाद लाउडस्पीकर शांत हो जाएंगे और बाहरी नेताओं को दतिया की सीमा छोड़नी होगी। दतिया में 30 जुलाई को मतदान होगा जबकि 3 अगस्त को नतीजे आएंगे। प्रचार के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के दिग्गजों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।दतिया में मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है। यहां भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच सीधी टक्कर है, लेकिन बसपा और निर्दलीय मैदान में डटे दामोदर यादव की मौजूदगी ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है।चुनाव प्रचार के आखिरी 72 घंटों में दोनों प्रमुख दलों के बड़े नेताओं ने दतिया की गलियों और चौपालों में पसीना बहाया। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रोड शो किया और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बसई में जनसभा को संबोधित किया। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, जगदीश देवड़ा, प्रहलाद पटेल और नरोत्तम मिश्रा भी लगातार जनसंपर्क में जुटे रहे।कांग्रेस की तरफ से पीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पिछले तीन दिनों से दतिया में डेरा जमाए हुए हैं। दिग्विजय सिंह, जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह और सचिन यादव ने घर-घर जाकर चौपालें लगाईं और रात में भी वोटरों से संपर्क किया।प्रचार के आखिरी दिन भाजपा ने दावा किया कि जनता विकास के साथ है और कांग्रेस हार के बहाने तलाश रही है। वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि दतिया की जनता अब अराजकता का राज नहीं चाहती और इस बार बदलाव तय है।
