युवती से छेड़छाड़ के आरोप में ठेकेदार गिरफ्तार
आलीराजपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में आदिवासी युवती से कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने इंदौर निवासी ठेकेदार शकील शाह को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार आरोपी लंबे समय से युवती को परेशान कर रहा था। शनिवार को वह बस स्टैंड क्षेत्र में दिखाई दिया, जिसके बाद युवती के पिता ने पुलिस की मदद से उसे पकड़वाकर कोतवाली थाने के हवाले कर दिया। पीड़िता अपने परिवार के साथ बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी के समीप निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल कार्य में मजदूरी कर रही थी, इसी दौरान आरोपी पर छेड़छाड़ के आरोप लगे। परिजनों ने पहले भी उसका विरोध किया था, लेकिन वह फिर से युवती से संपर्क करने और उसे बहला-फुसलाने का प्रयास करता रहा। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने छेड़छाड़, रास्ता रोकने और एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
