मनरेगा मजदूरों के बीच पहुंचे कांग्रेस नेता किया श्रमदान
अभनपुर। कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के 9वें दिन कांग्रेस नेता लखना ग्राम मनरेगा कार्यस्थल पहुंच कर श्रमदान किया। इसमें राष्ट्रीय महासचिव सचिन राव सहित 40 नए जिला कांग्रेस अध्यक्ष आदि ने मजदूरों के साथ तीन घंटे तक श्रमदान किया।
इस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा मजदूरों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। श्रमिकों ने रोजगार, मजदूरी और अन्य स्थानीय मुद्दों से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने मजदूरों के साथ बैठकर सामूहिक भोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों अंगाकर रोटी, खपुरी रोटी, चीला-भाजी और चटनी का स्वाद भी लिया।
कांग्रेस जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का 29 जून को समापन होगा। इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन राष्ट्रीय मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा शामिल होंगे। इसके 8 वें दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग दी। उन्होंने संगठन संचालन और राजनीतिक रणनीति के गुर सिखाए।
