रोजगार, बिजली और किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का हमला, घनश्याम सिंह ने जताई जीत की उम्मीद

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने जनसंपर्क अभियान के दौरान दावा किया है कि इस बार चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में केवल लहर नहीं, बल्कि जीत की सुनामी चल रही है। उन्होंने कहा कि जनता रोजगार, बढ़ते बिजली बिल, किसानों की खाद समस्या और पेपर लीक जैसे मुद्दों से परेशान है और इस बार प्रत्याशी के साथ-साथ कांग्रेस की नीतियों को देखकर मतदान करेगी। घनश्याम सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के अंदर की नाराजगी और आपसी मतभेद का फायदा कांग्रेस को मिलेगा। बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जनता उन्हें नहीं जानती और बाहरी तौर पर थोपे गए उम्मीदवारों को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस 25 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेगी। अपने ऊपर लगाए जाने वाले राज परिवार से जुड़े आरोपों पर उन्होंने कहा कि उनका जीवन आम व्यक्ति की तरह है और उनमें किसी तरह का सामंतवाद नहीं है। उन्होंने SIR प्रक्रिया को निष्पक्ष चुनाव के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे फर्जी और डबल वोट की समस्या दूर होगी। घनश्याम सिंह ने 2023 के चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती को कानूनी मामलों में उलझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन भाजपा सफल नहीं हो सकी। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया की जनता इस बार कांग्रेस के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश देगी।