तीजन बाई के निधन पर विधानसभा में शोक, मुख्यमंत्री समेत सभी नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
विधानसभा मानसून सत्र के पहले दिन की कार्यवाही पंडवानी की महान गायिका डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि देने के साथ शुरू हुई। मुख्यमंत्री डॉ. विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित वरिष्ठ विधायकों ने डॉ. तीजन बाई के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीजन बाई ने पंडवानी गायन की कापालिक शैली को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाकर छत्तीसगढ़ की लोककला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने अपने गायन, अभिनय, ओजपूर्ण वाणी और प्रभावशाली प्रस्तुति से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। नेताओं ने कहा कि डॉ. तीजन बाई का जीवन संघर्ष, साधना और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण रहा है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी प्रतिभा के दम पर देश और दुनिया में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। विधानसभा में श्रद्धांजलि के बाद सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
