NATIONALPOLITICAL

CM योगी का कांग्रेस पर निशाना: “आतंकवाद और नक्सलवाद के लिए कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार”

हरियाणा:  फरीदाबाद में आयोजित एक चुनावी रैली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे देश की तमाम समस्याओं की जड़ बताया। वह एनआईटी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी सतीश फागना के समर्थन में पहुंचे थे, जहां उन्होंने कांग्रेस को आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी समस्याओं के लिए जिम्मेदार ठहराया। योगी ने अपने संबोधन में कहा, “कांग्रेस ने देश को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का काम किया है। आतंकवाद और नक्सलवाद की समस्या कांग्रेस की देन है, और BJP इसके समाधान के लिए काम कर रही है। कांग्रेस का मतलब है समस्या, जबकि BJP का मतलब है समाधान।”

योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में बीजेपी की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक राम मंदिर के निर्माण को रोक रखा था, लेकिन बीजेपी ने सत्ता में आकर न केवल कश्मीर से धारा 370 हटाई, बल्कि राम मंदिर का निर्माण भी सुनिश्चित किया। उन्होंने यह भी कहा कि “कश्मीर में अब हालात बदल चुके हैं, वहां के मौलवी भी मुझे ‘राम-राम’ कहते हैं, जो पहले BJP और राम मंदिर का विरोध करते थे।”

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए योगी ने कहा, “2017 के बाद से यूपी में एक भी दंगा नहीं हुआ है। जो पहले दंगा करते थे, वे या तो जेल में हैं या फिर जहन्नुम की यात्रा पर जा चुके हैं।” इसके साथ ही उन्होंने हरियाणा में बीजेपी के शासनकाल को विकास का उदाहरण बताया और कहा कि बीजेपी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य में एक साथ सरकार होने के कारण हरियाणा में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं।

योगी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस के शासन में खनन माफिया, वन माफिया और भूमि माफिया का राज था, लेकिन बीजेपी ने इन सभी माफियाओं पर लगाम लगाई और प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया।”

वोटरों से बीजेपी के पक्ष में वोट डालने की अपील करते हुए योगी ने कहा कि “अब देश को एक स्थिर और विकासशील भविष्य की जरूरत है, जिसे केवल बीजेपी ही दे सकती है। कांग्रेस की नीतियां देश को विभाजित करती हैं, जबकि बीजेपी सबका साथ, सबका विकास की सोच के साथ काम करती है।”

मुख्यमंत्री योगी के इस संबोधन ने बीजेपी के चुनावी अभियान को एक नया जोश दिया है, और उनकी इस आक्रामक रैली में उन्होंने कांग्रेस पर सीधा प्रहार करते हुए बीजेपी की विचारधारा और कार्यों को मजबूती से सामने रखा।