खेलते समय करंट की चपेट में आया मासूम, मौत
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम बम्हनी में आंगनबाड़ी केंद्र के पास दर्दनाक हादसा हो गया, जहां खंभे के स्टे में आए करंट की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम शिव कोरी की मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चा शाम के समय अन्य बच्चों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र के पास खेल रहा था, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए। सूचना मिलने पर एसडीएम निधि गोहल, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी, जिसके बाद चक्का जाम समाप्त किया गया।
