छत्तीसगढ़ निकाय और पंचायत उपचुनाव के नतीजे घोषित, भाजपा-कांग्रेस में कड़ा मुकाबला
1 जून को संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों के आम और उपचुनावों के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की निगरानी में हुई मतगणना के दौरान कई सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं। प्रदेशभर में नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, जनपद सदस्य, सरपंच और पंच सहित कुल 1310 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया गया था। नगरीय निकाय चुनाव के तहत पांच नगर पंचायत अध्यक्ष पदों में भाजपा ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को दो सीटों पर सफलता मिली। सहसपुर लोहारा में भाजपा की सरिता संतोष मिश्रा ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की, वहीं घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस की फूलमती वर्मा विजयी रहीं। बम्हनीडीह और शिवानंदनपुर में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया, जबकि पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। इसके अलावा उपचुनावों में जगदलपुर, बिलासपुर और जशपुर के विभिन्न वार्डों में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहां दोनों दलों ने अलग-अलग क्षेत्रों में जीत दर्ज की। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई थी, जिसमें मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
