CHHATTISGARHNATIONALSPORTSSTATEUncategorized

छत्तीसगढ़ के पैरा तीरंदाज टोमन कुमार को भी मिले मीडिया में उचित स्थान : कैलाश मुरारका

रायपुर। भारतीय तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका ने छत्तीसगढ़ के सभी समाचार पत्रों, न्यूज़ चैनलों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से बालोद जिले ,छत्तीसगढ़ के निवासी पैरा तीरंदाज टोमन कुमार की उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रकाशित एवं प्रसारित करने की अपील की है।
कैलाश मुरारका ने कहा कि टोमन कुमार एक प्रतिभाशाली पैरा तीरंदाज हैं, जिन्होंने देश की सेवा के दौरान नक्सली घटना में अपना एक पैर खो दिया। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खेल के माध्यम से देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
उन्होंने बताया कि टोमन कुमार ने शीतल कुमारी के साथ मिक्स टीम में पिछले दो वर्षों के दौरान उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कई पदक अर्जित किए हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनकी भागीदारी और प्रदर्शन उनकी मेहनत, लगन तथा दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाते हैं।
मुरारका ने छत्तीसगढ़ के मीडिया संस्थानों से विशेष आग्रह किया है कि शीतल कुमारी की उपलब्धियों से संबंधित समाचारों में टोमन कुमार की संयुक्त तस्वीर को भी स्थान दिया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से प्रदेश के इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी को उचित पहचान मिलेगी और उसका मनोबल बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि टोमन कुमार की संघर्षपूर्ण यात्रा समाज के लिए प्रेरणादायक है। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद खेल के प्रति उनका समर्पण अन्य खिलाड़ियों, विशेषकर दिव्यांग युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कैलाश मुरारका ने उम्मीद जताई कि निरंतर अभ्यास, उचित प्रशिक्षण और प्रोत्साहन के माध्यम से टोमन कुमार भविष्य में ओलंपिक स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुरारका ने अपील की कि छत्तीसगढ़ के समाचार पत्र और न्यूज़ चैनल टोमन कुमार की उपलब्धियों को उचित स्थान देकर प्रदेश की इस खेल प्रतिभा का उत्साह बढ़ाएँ, ताकि देश के लिए समर्पित इस खिलाड़ी को भी वह पहचान मिल सके, जिसके वे हकदार हैं।