जनदर्शन के दौरान आत्मदाह करने की कोशिश की, भाजपा पार्षद की दबंगई से परेशान
धमतरी। कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को जनदर्शन कार्यक्रम में पत्नी और दो बच्चो के साथ अपनी शिकायत लेकर पहुंचे एक शख्स ने आत्मदाह करने की कोशिश की। जिसे वहां मौजूद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने युवक को रोककर सुरक्षित किया।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान रोहित सोनी के रूप में हुई है, जो धमतरी शहर के पोस्ट ऑफिस वार्ड स्थित साई बाबा मंदिर के पास का निवासी है। रोहित ने कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। उसका आरोप है कि वह और उसका परिवार पिछले 60 वर्षों से बढ़ेश्वर महादेव मंदिर के समीप अपने मकान में निवास कर रहा हैं। लेकिन अब मंदिर से जुड़े कुछ लोगों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। आवेदन में आरोप लगाया है कि जब वह अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहा था, तब 10 -20 लोगों का समूह उसके निर्माणाधीन घर में घुस आया और काम बंद करा दिया। उसे घर छोड़कर जाने के लिए कहा जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि उसे धमकी दी गई कि यदि उसने मकान नहीं छोड़ा तो उसके लिए स्थिति ठीक नहीं होगी। अपने आवेदन में पीड़ित ने भाजपा पार्षद निलेश लुनिया और उनके कुछ साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा है कि पार्षद और उनके समर्थक लगातार उस पर घर खाली करने का दबाव बना रहे हैं। युवक का आरोप है कि उसे कहा गया कि “भाजपा की सरकार है और मैं भाजपा का नेता हूं, जहां जाना है जाओ, मैं देखता हूं तुम यहां कैसे रहते हो।
उसके घर आने-जाने के रास्ते में गड्ढा खोद दिया गया है। इससे आवागमन बाधित हो गया है। उसने कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत की लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। न्याय नहीं मिलने से परेशान होकर वह जनदर्शन कार्यक्रम में अपने दो बच्चो और पत्नी के साथ अपनी बात रखने पहुंचा था।
