पटाखे और पत्थरबाजी से बिगड़ा माहौल, हाथी शावक हुए प्रभावित
रायगढ़ जिले के ग्राम छर्रा टांगर में शनिवार को हाथियों का एक दल अचानक पहुंच गया, जिसमें दो शावक भी शामिल थे। गांव में हाथियों के प्रवेश की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और स्थिति को नियंत्रित करने के बजाय कुछ लोगों ने हाथियों को भगाने के लिए पटाखे फोड़े तथा पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान बताया जा रहा है कि दो हाथी शावक भीड़ और शोरगुल के बीच रास्ता भटक गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद हाथियों के दल को सुरक्षित रूप से गांव से बाहर निकालकर जंगल की ओर भेजा गया। वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हाथियों, खासकर शावकों के साथ मौजूद झुंड को उकसाना बेहद खतरनाक हो सकता है और ऐसे मामलों में लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए विभाग के निर्देशों का पालन करना चाहिए। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी तरह की जनहानि या घायल होने की सूचना सामने नहीं आई।
