ज्ञान भारतम् अभियान के दौरान मल्हार में मिला प्राचीन ताम्रपत्र

बिलासपुर। मल्हार में ज्ञान भारतम् अभियान के तहत संजीव पाण्डेय के निवास से 3 किलोग्राम से अधिक वजन का एक दुर्लभ ताम्रपत्र मिला है। इस पर 2000 वर्ष पुरानी ब्राह्मी लिपि और पाली भाषा में लेख उत्कीर्ण हैं, जिससे इसका ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व बढ़ जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार प्राचीन काल में ऐसे ताम्रपत्र भूमि दान, राजकीय आदेश या धार्मिक घोषणाओं के आधिकारिक दस्तावेज होते थे, इसलिए इसके वैज्ञानिक अध्ययन से उस समय की सामाजिक, प्रशासनिक और धार्मिक व्यवस्था पर महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। यह खोज ज्ञान भारतम् अभियान के तहत हुई है, जिसे संस्कृति मंत्रालय चला रहा है, और जिसका उद्देश्य देशभर की प्राचीन पांडुलिपियों का संरक्षण, दस्तावेजीकरण और डिजिटलीकरण कर भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है।