SPORTS

अमरीका के राजीव राम और ब्रिटेन के जो सालिसबरी ने अमरीकी ओपन टेनिस के पुरुष डबल्‍स का खिताब जीता

न्‍यूयार्क में अमरीकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में पुरूषों के डबल्‍स के फाइनल में अमरीका के राजीव राम और ब्रिटेन जो सेलिसबरी की जोड़ी ने ब्रिटेन की जेमी मरे और ब्राजी के ब्रूनो सोअर्स की जोड़ी को 3-6, 6-2, 6-2 से हराकर खिताब पर कब्‍जा किया।

पुरुष सिंगल्स में शीर्ष वरीयता प्राप्त नोवाक जोकोविच ने तोक्यो ओलिम्पिक चैम्पियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 4-6, 6-2, 6-4, 4-6, 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल में उनका मुकाबला रूस के दानिल मेदवेदेव से होगा।

मेदवेदेव ने एक अन्य सेमीफाइनल में कनाडा के फैलिक्‍स ऑगर अलियासिमे को 6-4, 7-5, 6-2 से हराया।

महिला सिंगल्‍स के फाइनल में ब्रिटेन की उभरती युवा खिलाड़ी इम्‍मा राडुकानु का मुकाबला कल कनाडा की युवा खिलाड़ी लेलाह फर्नांडिस से होगा। 18 वर्षीय राडुकानु ने कल सेमीफाइनल में 17वीं वरीयता प्राप्‍त ग्रीस की मारिया सक्‍कारी को 6-1, 6-4 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

वे 17 वर्षों में किसी ग्रैंड स्‍लैम के फाइनल में पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की खिलाडी है। इससे पहले 2004 में 17 वर्ष की आयु में मारिया शारापोवा ने विम्‍बलडन खिताब जीता था।

महिला डबल्‍स के फाइनल में कल अमरीका की कोको गाउफ और केटी मैक्‍नली का मुकाबला चीन की झांग शुआई और ऑस्‍ट्रेलिया की साम स्‍तोसुर की जोड़ी से होगा।