एअर इंडिया और इंडिगो के विमान आए आमने-सामने, हादसा टला

अहमदाबाद। एक बार फिर अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा होते-होते रह गया। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एअर इंडिया और इंडिगो के विमान विपरित दिशा से आमने-सामने आ गए। हालांकि दोनों विमानों को समय रहते रोक लिया गया और टक्कर होते-होते बच गया। मामले की जानकारी नियामक अधिकारियों को दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट पार्किंग की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दोनों विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए। दोनों विमानों के बीच 200 मीटर की दूरी रह गई थी। बाद में एअर इंडिया विमान को टो करके सही पार्किंग बे तक ले जाया गया। इसके बाद इंडिगो विमान रनवे पर पहुंचा।
सम्बन्ध में एअर इंडिया ने कहा कि हम उस घटना से अवगत हैं जिसमें 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद संचालित हमारी उड़ान एआई-2493 लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय अनजाने में गलत मोड़ ले बैठी। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ। बाद में विमान को टो (खींचकर ले जाना) करके सही पार्किंग बे तक ले जाया गया।
इस पर इंडिगो ने कहा कि दोनों विमानों को सुरक्षित दूरी पर रोक लिया गया था और यात्रियों या चालक दल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ। इसके बाद एयर इंडिया के विमान को हटाया गया और इंडिगो की उड़ान सुरक्षित रूप से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंच गई।