CHHATTISGARHCITY

छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन की ओर बढ़ता कदम: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा – सुरक्षाबलों के साहसिक अभियान से नक्सलवाद का अंत निकट

रायपुर :  छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के किस्टाराम क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सफलता पर बयान देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा मार्च 2026 तक प्रदेश से नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के संकल्प को उनकी सरकार तेजी से साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों के अदम्य साहस और रणनीतिक अभियानों के चलते नक्सलवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है।

शनिवार सुबह किस्टाराम थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ शुरू हुई, जो कई घंटों तक चली। इस दौरान सुरक्षाबलों ने एक महिला और एक पुरुष नक्सली को ढेर कर दिया। हालांकि, मारे गए नक्सलियों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर लिए हैं और आगे की जांच जारी है।

नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसे गिन रहा : CM विष्णुदेव साय

सूत्रों के मुताबिक, इस इलाके में कोबरा बटालियन, डीआरजी और जिला बल के लगभग 500 जवानों ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाया और नक्सलियों को चारों ओर से घेर लिया। रुक-रुककर फायरिंग जारी है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि इलाके में और भी नक्सली छिपे हो सकते हैं। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

गौरतलब है कि इस वर्ष अब तक कुल 83 नक्सली मारे जा चुके हैं, जिससे राज्य में नक्सल उन्मूलन की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुरक्षाबलों की इस बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सरकार नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा को और मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।