गंगा दशहरा पर नर्मदापुरम में उमड़ा आस्था का सैलाब, सेठानी घाट पर 251 दीपों की महाआरती
गंगा दशहरा के पावन पर्व पर मंगलवार को नर्मदापुरम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। सूर्योदय से पहले ही सुबह 5 बजे से मां नर्मदा के प्रमुख घाटों—सेठानी घाट, कोरी घाट, गोंदरी घाट और विवेकानंद घाट—पर हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु पवित्र नदी में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं और स्नान के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य कर रहे हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगीरथ के कठिन तप से मां गंगा धरती पर अवतरित हुई थीं और ऐसी मान्यता भी है कि इस दिन मां गंगा अपनी बहन नर्मदा से मिलने आती हैं, इसलिए नर्मदा स्नान का पुण्य गंगा स्नान के समान माना जाता है। शाम 7:30 बजे सेठानी घाट पर बनारस की तर्ज पर 251 दीपों से मां नर्मदा की भव्य महाआरती की जाएगी, जिसकी परंपरा वर्ष 2010 से शुरू हुई थी और इस वर्ष इसके 16 वर्ष पूरे हो रहे हैं। आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सेठानी घाट सहित सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस बल, होमगार्ड जवान और गोताखोरों की टीम तैनात की गई है।
