नगर निगम ने सैकड़ों टन कचरे के बीच से 24 घंटे में 2 किलो चांदी का लोटा ढूंढ कर लौटाया
स्वच्छता के लिए देशभर में पहचान बना चुके इंदौर में नगर निगम की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की एक अनोखी मिसाल सामने आई है। राजेंद्र नगर क्षेत्र की एक महिला का करीब दो किलो वजनी चांदी का लोटा गलती से कचरे के साथ नगर निगम की गाड़ी में चला गया था। जब परिवार को अपनी गलती का एहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल नगर निगम से संपर्क किया। शिकायत मिलते ही निगम की टीम ने कचरा वाहन का रूट ट्रेस किया और पता लगाया कि कचरा ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंच चुका है। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सैकड़ों टन कचरे के बीच 24 घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया और आखिरकार चांदी का लोटा सुरक्षित बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार, महिला ने घर का कचरा बाहर रखा था, उसी दौरान एक जैसे दिखने वाले थैले में रखा चांदी का लोटा भी गलती से कचरे के साथ चला गया। परिवार को जब लोटा नहीं मिला तो उन्होंने नगर निगम अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मदद मांगी। निगम की टीम ने बिना देरी किए कार्रवाई शुरू की और कड़ी मेहनत के बाद कीमती सामान परिवार को वापस सौंप दिया। लोटा मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और नगर निगम की टीम का आभार जताया। इस पूरे अभियान में अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वय के साथ काम किया, जिसकी शहरभर में सराहना हो रही है। यह घटना इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासन की संवेदनशीलता और नागरिकों के प्रति जिम्मेदारी की भी मिसाल बन गई है।
