बढ़ेगी मानसून की एक्टिविटी, कल से फिर झमाझम बारिश
रायपुर | छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी और उमस के बीच शनिवार देर रात से मौसम अचानक बदला। इसके चलते रात में रायपुर और तड़के दुर्ग जिले के कुछ इलाकों में जोरदार बारिश हुई। हालांकि सुबह होते-होते फिर तेज धूप निकल आई है। इसके चलते एक बार फिर गर्मी बढ़ गई है। वहीं अगले 5 दिनों तक रायपुर, दुर्ग और कांकेर संभाग में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 सितंबर से फिर बस्तर संभाग के कई जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर आज गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। शनिवार को प्रदेश में मानसून की सक्रियता सामान्य से कम रही। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। रायपुर में आज हल्के बादल छाए रहेंगे। वहीं दिन का तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है। शनिवार को रायपुर ने तेज धूप ने लोगो को परेशान किया दिन का पारा 35.3 डिग्री रहा जो समान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा था।