BOLLYWOODNATIONAL

जल्द रिलीज होगी कंगना की फिल्म ‘इमरजेंसी’, कोर्ट ने CBFC को लगाई फटकार

नई दिल्ली | कंगना रनौत की नई फिल्म इमरजेंसी को लेकर आज कोई बड़ा फैसला नही हुआ लेकिन  बॉम्बे हाईकोर्ट में आज फिल्म अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत की नवीनतम फिल्म इमरजेंसी की रिलीज को लेकर हाई कोर्ट ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड को कड़ी फटकार लगाई है| कोर्ट ने सीबीएफसी को 25 सितंबर तक इमरजेंसी के सर्टिफिकेट को लेकर फैसला करने को कहा है| कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि अव्यवस्था की आशंका की वजह से किसी की रचनात्मक स्वतंत्रता को रोक कर नहीं रखा जा सकता|

हाईकोर्ट ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में किसी प्रकार का अंकुश नहीं लगाया जाना चाहिए| बोर्ड सिर्फ इसलिए किसी फिल्म को सर्टिफिकेट देने से इनकार नहीं कर सकता कि उससे कानून व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है| कोर्ट ने ये भी कहा बिना पूरी फिल्म देखे ये कैसे कहा जा सकता है कि उससे अव्यवस्था फैल सकती है|

सीबीएफसी के रुख पर कोर्ट की नाराजगी

जस्टिस बी पी कोलाबावाला और जस्टिस फिरदोश पूनीवाला की खंडपीठ ने सीबीएफसी से यह भी पूछा कि क्या उसे यह लगता है कि इस देश के लोग इतने भोले हैं कि फिल्म में दिखाई गई हर बात पर विश्वास कर लेते हैं| कोर्ट ने सख्त लहजे में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के इस रवैये को लेकर नाराजगी जाहिर की और कहा कि 25 सितंबर तक फिल्म को सर्टिफिकेट जारी करने के संबंध में फैसला ले लिया जाए|

सत्तारूढ़ दल अपने सांसद के खिलाफ है?- कोर्ट

हालांकि बोर्ड की तरफ से ये कहा कि फिल्म के प्रभाव को लेकर अभी मूल्यांकन बाकी है| इसी दौरान कोर्ट में जब याचिकाकर्ता की ओर से यह कहा गया कि सीबीएफसी राजनीतिक कारणों से फिल्म को प्रमाणपत्र जारी करने में देरी कर रहा है| इस पर कोर्ट ने कहा- यह हैरानी है कि फिल्म की प्रोड्यूसर खुद बीजेपी सांसद हैं, तो क्या सत्तारूढ़ पार्टी खुद अपने ही सांसद के खिलाफ है?