दल्लीराजहरा में रोज गर्मी से 400–500 चमगादड़ों की मौत
बालोद जिले के सबसे बड़े नगर पालिका दल्लीराजहरा में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है, जहां बीएसपी एमव्हीटी सेंटर के पास पेड़ों पर रहने वाले लगभग 400 से 500 चमगादड़ों की रोजाना मौत हो रही है। तेज गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के कारण हो रही इन मौतों से इलाके में दुर्गंध फैल गई है, जिससे स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है। नगर पालिका का अमला मृत चमगादड़ों को हटाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन बड़ी संख्या में शवों के कारण स्थिति नियंत्रण में नहीं आ पा रही है। वहीं बीएसपी प्रबंधन की ओर से भी इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पर्यावरण संरक्षणकर्ताओं के अनुसार लगातार बढ़ता तापमान और पेड़ों की कटाई वन्यजीवों के लिए गंभीर खतरा बन रहा है, जबकि चमगादड़ पर्यावरण संतुलन में अहम भूमिका निभाते हैं, ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में उनकी मौत चिंताजनक स्थिति को दर्शाती है।
