भाई की मौत का राज बताने का दावा कर 40 लाख की ठगी

रायपुर। भाई की संदिग्ध मौत का राज बताने का दावा कर 40 लाख की ठगी करने वाले तांत्रिक नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ खम्हारडीह थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, गाजियाबाद निवासी डॉक्टर त्रृषभ चौबे के भाई की इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। भाई की मौत की सच्चाई जानने की चाह में डॉक्टर ने तांत्रिक नरेंद्र नयन शास्त्री से संपर्क किया। तांत्रिक विशेष पूजा और तांत्रिक क्रियाओं से मौत का रहस्य बताने का झांसा देकर डॉक्टर से 40 लाख की ठगी की। पुलिस जेल में बंद आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री को एफआईआर में फरार बता रही है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने नकदी के साथ एक XUV वाहन भी अपने कब्जे में ले लिया। जब लंबे समय तक कोई परिणाम नहीं मिलने पर ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं आरोपी ने तंत्र-मंत्र, चमत्कार और विशेष साधना का झांसा देकर अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार तो नहीं बनाया।